तुंगनाथ में हादसे की सूचना से मचा हड़कंप..
खाई में गिरी महिला का अब तक सुराग नहीं..
उत्तराखंड: तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार शाम गणेश मंदिर के समीप एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सूचना के बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आपदा मित्र और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर महिला की तलाश की। हालांकि, देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को रविवार शाम करीब 6:21 बजे घटना की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। खाई काफी गहरी और इलाका दुर्गम होने के कारण एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया।
रेस्क्यू टीमों ने रात तक आसपास के क्षेत्र में महिला की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए करीब 12:30 बजे अभियान रोक दिया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि सोमवार सुबह फिर से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल महिला की पहचान समेत उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आ सकी है। टीमों की ओर से खाई और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश की जा रही है।

More Stories
अब पढ़ाई के साथ खेलों पर भी जोर, बच्चों को प्रोत्साहित कर रहे माता-पिता..
BRICS करार से मजबूत होगा पर्वतीय विकास..
ट्रेकर्स के लिए बनेगा खास नेविगेशन सिस्टम…