चारधाम यात्रा को लेकर बढ़ा उत्साह, 56.18 लाख श्रद्धालुओं का नया आंकड़ा..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56 लाख 18 हजार 497 के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज 56.13 लाख श्रद्धालुओं का पिछला रिकॉर्ड भी टूट गया है। केदारनाथ, बद्रीनाथ , गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए इस बार देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। लगातार बढ़ रही तीर्थयात्रियों की संख्या को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते रुझान और चारधाम यात्रा को लेकर लोगों के विश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है।
चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने यात्रा मार्गों और धामों में व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और ठहरने की सुविधाओं को मजबूत किया गया। इसके अलावा आपदा प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया। यात्रा व्यवस्था में प्रशासन के साथ पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ और स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं की निगरानी और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया।
वहीं, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बीते वर्षों में विकसित की गई अवस्थापना सुविधाओं और कनेक्टिविटी में सुधार का असर भी यात्रा पर दिखाई दे रहा है। बेहतर सड़क संपर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं के लिए चारधाम पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है। चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है और उसकी सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सरकार की प्राथमिकता है। सीएम ने रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को राज्य में विकसित हो रही सुविधाओं और लोगों के बढ़ते भरोसे का परिणाम बताया। सीएम ने यात्रा को सफल बनाने में जुटे प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के प्रयासों की भी सराहना की।

More Stories
देहरादून में खरीद सकेंगे पहाड़ के खास उत्पाद..
गांव से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचा पहाड़ का हुनर, हाउस ऑफ हिमालयाज ने रचा नया मुकाम..
देहरादून में तिहरा हत्याकांड, घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर हमला..