चारधाम यात्रा में घोड़े-खच्चरों की मौत का मेनका गांधी ने लिया संज्ञान..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों के साथ घोड़े, खच्चरों की मौतें लगातार बढ़ रही हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की मौत का सांसद मेनका गांधी ने संज्ञान लिया है। जिसके बाद पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एक्शन में आ गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा से बात कर घोड़े-खच्चरों की मौत के मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है।
बता दे कि केदारनाथ यात्रा के दौरान लगातार हो रही घोड़े-खच्चरों की मौत पर सांसद एवं पशु अधिकारवादी मेनका गांधी ने भी पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से दूरभाष पर वार्ता कर चिंता व्यक्त की है। इस पर संज्ञान लेते हुए पर्यटन मंत्री महाराज ने पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा से बात कर घोड़े-खच्चरों को रेगुलेट करने के साथ उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है। महाराज ने पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर को सख्त हिदायत दी कि घोड़े-खच्चरों को चारा देने के बाद तीन से चार घंटे का आराम मिलना चाहिए। केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की भीड़ के कारण जानवरों पर दबाव न पड़े। उनका कहना हैं कि मूक जानवरों का ध्यान रखना हमारा दायित्व है, इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
इसके साथ ही पर्यटन मंत्री महाराज का कहना है कि चारधाम आने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार रिकॉर्ड तोड़ इजाफा हो रहा है, जो प्रदेश के लिए प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस प्रकार की व्यवस्था को अमल में लाएं कि श्रद्धालुओं को धीरे-धीरे धामों की ओर भेजा जाए। महाराज ने चेतावनी दी कि किसी भी हाल में केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की अधिक भीड़ नहीं होनी चाहिए।

More Stories
भक्ति में डूबा केदारनाथ: कपाट खुलते ही पुष्प वर्षा, गूंज उठा पूरा धाम
यमुनोत्री में अव्यवस्था का आलम: जर्जर घोड़ा पड़ाव, मजदूरों को नहीं मिल रही बुनियादी सुविधाएं
चारधाम यात्रा: कमर्शियल वाहनों के ग्रीन कार्ड के लिए अब ऑनलाइन आवेदन शुरू