November 4, 2026

धामी सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश के कई जिलों में विकास कार्यों के लिए 22.15 करोड़ स्वीकृत..

धामी सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश के कई जिलों में विकास कार्यों के लिए 22.15 करोड़ स्वीकृत..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को मंजूरी दी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रस्तावित 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के तहत सड़क और नाली निर्माण से लेकर पेयजल, बिजली, सुरक्षा कार्यों तथा धार्मिक एवं मेला स्थलों के विकास पर खर्च किया जाएगा।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 8.96 करोड़ रुपये मंजूर
देहरादून जिले के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए सबसे अधिक करीब 8.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके तहत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में सड़क, नाली और सुरक्षात्मक निर्माण के लिए 89.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कैनाल रोड जाखन के वार्ड संख्या सात में 82.29 लाख, मालसी वार्ड संख्या एक में 60.91 लाख, गढ़ी कैंट के नागेश्वर वार्ड में 78.92 लाख और संजय विहार वार्ड में 39.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। टपकेश्वर क्षेत्र के लिए 62.36 लाख, रोजपुर रोड के लिए 84.48 लाख, दून विहार के लिए 96.75 लाख, डोभालवाला के लिए 76.62 लाख, घोरणखास के लिए 79.71 लाख, किशननगर के लिए 50.08 लाख और विजय कॉलोनी के वार्ड संख्या 11 के लिए 94.65 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों और नालियों के निर्माण के साथ जरूरी सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे।

पिथौरागढ़ में चार परियोजनाओं पर खर्च होंगे 3.44 करोड़
पिथौरागढ़ जिले में भी ग्रामीण आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए 86.45 लाख रुपये दिए गए हैं। धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल के निर्माण पर 79.49 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख और डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया व सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अल्मोड़ा में तारबाड़ और मंदिर सौंदर्यीकरण को मंजूरी
अल्मोड़ा जिले में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में जंगली सूअरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाने पर 45.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के समीप स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के लिए 58.248 लाख रुपये की पहली किस्त जारी करने का शासनादेश भी हो चुका है।

चंपावत और टिहरी में धार्मिक स्थलों का होगा विकास
चंपावत जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विकसित करने के लिए भी बजट जारी किया गया है। ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा खटोली ग्राम पंचायत के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख और बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के विकास के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का शासनादेश जारी किया गया है। लोहाघाट की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल पर भी सुविधाओं का विस्तार होगा। यहां सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर विकासखंड स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

हरिद्वार में 100 नए हैंडपंपों से बढ़ेगी पेयजल सुविधा
हरिद्वार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 100 हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 23 लाख 46 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

कोटद्वार में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था होगी बेहतर
पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में शहरी प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना को भी मंजूरी मिली है। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही नई विद्युत लाइन बिछाने और मौजूदा लाइनों को शिफ्ट करने का काम भी होगा। इस परियोजना के लिए 3 करोड़ 44 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।