प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने केदारनाथ धाम पहुंचकर लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा..
रुद्रप्रयाग। प्रभारी पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भडाणें ने केदारनाथ धाम पहुंचकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। धाम में नियुक्त पुलिस कार्मिकों से संवाद स्थापित कर उन्होंने यहां की विकट परिस्थितियों में की जा रही ड्यूटी की सराहना की। साथ ही उपस्थित क्षेत्राधिकारी एवं निरीक्षक यात्रा से वर्तमान में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मंगलवार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भडाणें केदारनाथ धाम पहुंची और यहां पहुंचकर उन्होंने धाम में बाबा के दर्शन के लिए प्रचलित टोकन व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की पंक्ति का जायजा लिया। दर्शन के लिए आये श्रद्धालुओं से वार्ता की। तत्पश्चात अपनी-अपनी ड्यूटियों में उपस्थित कार्मिकों को ब्रीफ किया।
केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस कार्मिकों को निर्देशित किया कि यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं की अतिथि देवो भवः की भावना के साथ यथासम्भव मदद की जाए, ताकि यहां से वापस जाने वाला हरेक यात्री प्रसन्न भाव से वापस जाए। उन्होंने कहा कि पैदल चलकर धाम आने वाला श्रद्धालु थका होता है। ऐसे में यदि किसी श्रद्धालु द्वारा कोई जानकारी एवं मार्गदर्शन मांगा जाता है तो उसे सही जानकारी अवश्य दी जाए, ताकि श्रद्धालु को अनावश्यक भटकना न पड़े।
विशेषकर छोटे बच्चे जो कि अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं, उनको सांत्वना देकर अनाउंसमेंट के माध्यम से परिजनों से मिलवाये जाने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा बीमार श्रद्धालुओं की नजदीकी चिकित्सा इकाई तक ले जाने में मदद की जाए। उपस्थित कार्मिकों को बताया कि बाबा केदार की इस पावन धरती में आकर अनवरत ड्यूटी करना सौभाग्य की बात है।
पुलिस का एक छोटा सा अच्छा काम या परेशानी में फंसे श्रद्धालु की मदद करने के बाद उसके हृदय की गहराईयों से मिलने वाली दुआ का असर कहीं न कहीं इस जीवन में अवश्य मिलता है। सभी कार्मिकों को इसी प्रकार के जोश एवं जज्बे के साथ अपना कर्तव्य निर्वहन किये जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी केदारनाथ विवेक कुमार, निरीक्षक देवेन्द्र सिंह असवाल सहित केदारनाथ धाम में ड्यूटीरत पुलिस बल उपस्थित रहा।

More Stories
उत्तराखंड में महंगाई का ग्राफ चढ़ा, ग्रामीण इलाकों में शहरों से ज्यादा असर
धामी सरकार की केंद्र से बड़ी पहल, उत्तराखंड में 610 बसावटों तक पहुंचेगी सड़क..
स्वर्ग से कम नहीं टिहरी का पवाली कांठा ट्रैक..