15 सितंबर से फिर शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा, 7 सितंबर से बुकिंग..
उत्तराखंड: मानसून के दौरान थमी चारधाम यात्रा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही बाबा केदार के भक्तों के लिए राहत भरी खबर आई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से हरी झंडी मिलने के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। हेली सेवा के पुन: संचालन को लेकर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालु 7 सितंबर सुबह 11 बजे से आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
7 सितंबर से शुरू होगी टिकट बुकिंग
पहले चरण के तहत श्रद्धालु 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए हेली टिकट बुक कर सकेंगे। टिकटों की कालाबाज़ारी रोकने और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए बुकिंग केवल आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ही की जाएगी। केदारनाथ यात्रा के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से हेली सेवाओं का संचालन किया जाता है। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने कहा कि डीजीसीए की टीम द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किए जाने के बाद संचालन की अंतिम अनुमति दे दी गई है। इस चरण में कुल 9 एविएशन कंपनियां इन तीनों स्थानों से अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। आपको बता दे कि इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे, जिसके साथ ही हेली सेवाएं भी शुरू कर दी गई थीं। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए डीजीसीए ने 25 जून से हेली सेवाओं के संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी थी। अब मानसून की विदाई और मौसम अनुकूल होने के साथ ही चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

More Stories
अब मिलेगी खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी एक क्लिक पर..
सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात, उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश..
देहरादून में महिला का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका..