September 5, 2026

सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात, उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश..

सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात, उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश..

 

उत्तराखंड: धामी सरकार ने प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति और आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में पूरी तरह से टैक्स फ्री (Tax Free) करने की घोषणा की है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा और अन्य गणमान्य लोगों के साथ यह फिल्म देखने के बाद यह बड़ा फैसला लिया।

संत परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की महान संत परंपरा ने हमेशा से ही समाज को करुणा, सत्य और सेवा का मार्ग दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन इसी परंपरा का एक अनुपम उदाहरण है। सीएम ने कहा कि “उत्तराखंड देवभूमि है और कैंची धाम आज देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। बाबा के जीवन और उनके लोककल्याणकारी संदेशों पर आधारित यह फिल्म देवभूमि की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुँचाने का काम करेगी।”

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है फिल्म
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माण से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ में भक्ति, प्रेम, विनम्रता और मानव सेवा जैसे नैतिक मूल्यों को बहुत ही खूबसूरत ढंग से पर्दे पर उतारा गया है। ऐसी फिल्में युवा पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति और संत परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनती हैं। फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि इसमें शोभिनव सतैया सहित कई अन्य मंजे हुए कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं। यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है और दर्शकों द्वारा बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति इस सिनेमाई श्रद्धांजलि को काफी पसंद किया जा रहा है। सरकार के टैक्स फ्री करने के फैसले से राज्य के अधिक से अधिक लोग अब कम दरों में सिनेमाघरों में इस फिल्म को देख सकेंगे।