आईटीआई छात्रों की पढ़ाई के साथ कमाई, कंपनियां देंगी 8 हजार रुपये स्टाइपेंड..
उत्तराखंड: प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के छात्र-छात्राओं को अब प्रशिक्षण के साथ हर महीने 8,000 रुपये मिलेंगे। कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार ने बजाज ऑटो लिमिटेड, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प और हिमालयन पावर मशीन मैन्युफैक्चरिंग जैसी चार बड़ी कंपनियों के साथ करार किया है। इस वर्ष 80 में से 32 आईटीआई में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (Dual Training System) लागू होगी। इसके तहत छात्र-छात्राओं का आधा प्रशिक्षण आईटीआई में और शेष प्रशिक्षण संबंधित कंपनियों में होगा। जिसमें यह कंपनियां प्रशिक्षण संस्थान में आकर छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देगी। जबकि आधा प्रशिक्षण इन कंपनियों में दिया जाएगा।
उत्तराखंड में आईटीआई छात्र-छात्राओं को कंपनियों में प्रशिक्षण के दौरान न्यूनतम 8,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलेगा, जबकि कुछ कंपनियां इससे अधिक धनराशि देने पर सहमत हुई हैं। विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इस पहल से युवा तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनेंगे। दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली के तहत वेल्डर, फिटर, मैकेनिक, ऑटो बॉडी पेंटिंग, टर्नर आदि ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक आईटीआई में 20 से 24 छात्रों की संख्या निर्धारित की गई है।
आईटीआई छात्र-छात्राओं को मिलेगा ड्रेस का पैसा..
उत्तराखंड के आईटीआई छात्र-छात्राओं को अब सरकारी स्कूलों की तर्ज पर ड्रेस के लिए धनराशि दी जाएगी। विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा का कहना हैं कि पिछले साल मुफ्त ड्रेस की मंजूरी मिलने के बावजूद छात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पाया था। इस वर्ष से डीबीटी के माध्यम से छात्रों को ड्रेस खरीदने के लिए उतनी ही धनराशि दी जाएगी, जितनी राशि सरकारी स्कूलों के छात्रों को दी जाती है।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..