September 21, 2026

पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने पुलिस को दी सूचना, मौके पर पहुंची टीम..

पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने पुलिस को दी सूचना, मौके पर पहुंची टीम..

 

 

उत्तराखंड: देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव एक प्लॉट के भीतर बने कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद मृतका का पति मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी थी। पुलिस का कहना हैं कि सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति की ओर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने फोन कॉल की लोकेशन के आधार पर क्षेत्र में तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम एक प्लॉट तक पहुंची। प्लॉट के भीतर बने कमरे की जांच करने पर वहां 26 वर्षीय काजल का शव मिला। पुलिस के अनुसार महिला की मौत गोली लगने से हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड स्थित सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके घर के पास है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह काजल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धीरज पंवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।