धारचूला: तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग पर ग्लेशियर खिसकने से एक लोडर मशीन बर्फ में दब गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते मशीन छोड़ दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मार्ग अब भी कई जगह बाधित है और इसके खुलने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
हिमपात के चलते बाधित हुआ मार्ग
हाल ही में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई, जिसके कारण तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। मंगलवार शाम नपल्च्यू के पास, जब एक लोडर मशीन ऑपरेटर सड़क से बर्फ हटाने में जुटा था, तभी खांगला ग्लेशियर का एक हिस्सा अचानक टूटकर मशीन पर गिर पड़ा। संयोगवश, चालक ने ग्लेशियर को खिसकते देख लिया और समय रहते मशीन छोड़ दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया। मशीन को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बुधवार को मशीन को बर्फ से बाहर निकाल लिया गया।
सड़क पर अब भी जमा हैं हिमखंड
साक्ष्य प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इस समय नपल्च्यू से चाइना गेट तक सड़क के चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य कर रही है, लेकिन भारी हिमपात के चलते यह कार्य प्रभावित हो रहा है। सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारी चाइना गेट से आगे सीपी तक सड़क पर जमा हिमखंडों को हटाने में जुटे हैं। जल्द मार्ग खुलने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन अगर फिर से हिमपात होता है, तो इसमें और देरी हो सकती है। गुरुवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहा, जबकि निचले इलाकों में धूप खिली रही। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि मार्ग जल्द से जल्द सुचारू हो सके।

More Stories
प्रदेश के 206 मदरसों में साप्ताहिक अवकाश के नियम बदलेंगे..
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं..
पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं..