गैरसैंण की प्रतिभा ने विज्ञान में लहराया परचम..
राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व..
उत्तराखंड: चमोली जिले के गैरसैंण की छात्रा प्रतिभा रावत ने विज्ञान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। कक्षा 10 में पढ़ने वाली प्रतिभा ने राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2026 के लिए हुआ है, जहां वह उत्तराखंड की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। आरकेजेएसएनएसएन मेमोरियल इंटर कॉलेज की छात्रा प्रतिभा ने प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक समझ, विषय पर पकड़ और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान खींचा। संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047: संभावनाएं एवं चुनौतियां’ था। इस विषय पर प्रतिभा ने अपनी प्रस्तुति के जरिए ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने रखा।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता
प्रतिभा की इस उपलब्धि में उनके मार्गदर्शक शिक्षक चंद्र रजवार का विशेष योगदान रहा। प्रोजेक्ट तैयार करने से लेकर प्रस्तुति को बेहतर बनाने तक उन्हें शिक्षक का सहयोग मिला। इसके अलावा शिक्षक हिमांशु मेहरा, तारा कंडारी और रोशनी सिरसवाल ने भी उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभा का परिवार भी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा है। उनके पिता चंद्रमोहन सिंह रावत मालसी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता किरण रावत इंटर कॉलेज आगरचट्टी में शिक्षिका हैं। घर में मिले शैक्षणिक माहौल और माता-पिता के प्रोत्साहन ने प्रतिभा को आगे बढ़ने में मदद की।
30 अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रीय संगोष्ठी
राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद प्रतिभा अब 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) की ओर से आयोजित इस मंच पर देशभर के प्रतिभागियों के बीच उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतिभा की सफलता से उनके विद्यालय और गैरसैंण क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता नेगी सहित शिक्षकों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। एक छोटे शहर से निकलकर राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाली प्रतिभा की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। अब सभी को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन का इंतजार है।

More Stories
मोती बाजार में अग्निकांड से अफरा-तफरी, फर्नीचर और कपड़ों की दुकान चपेट में..
उत्तराखंड में आवास योजनाओं को रफ्तार..
उत्तराखंड के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान..