रुद्रपुर में बनाई जा सकती है साइबर सिटी..
टाटा और इंफोसिस समेत कई कंपनियां निवेश के लिए राजी..
उत्तराखंड: राज्य सरकार उधम सिंह नगर जिले में रुद्रपुर के आसपास एक साइबर सिटी बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस सुझाव को अमल में लाने के लिए सरकार आईटी सेक्टर की नामी संस्थाओं से बात कर रही है। इंफोसिस और टाटा जैसी कंपनियों ने निवेश के लिए हामी भरी है। सरकार कंपनियों के अनुरोध पर आईटी और सेवा क्षेत्र की नीतियों में भी बदलाव कर सकती है। 8 और 9 दिसंबर को नियोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन की तैयारी कर रही राज्य सरकार ने रोड शो के दौरान कई आईटी कंपनियों को उत्तराखंड में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया है। आपको बता दें कि टाटा आईटी इंडस्ट्री में 5000 करोड़ रुपये निवेश करने की क्षमता रखता है। निवेश की राशि परिस्थितियों के अनुरूप और अधिक हो सकती है। इसके साथ ही सरकार ने आईटी सेक्टर की अग्रणी कंपनी इंफोसिस से भी बातचीत की है। इंफोसिस भी उत्तराखंड में बड़ा निवेश कर सकती है।
एक ही स्थान पर सभी आईटी कंपनियों को भूमि उपलब्ध कराने की योजना
आईटी सेक्टर से जुड़ी कई और प्रमुख कंपनियों से चल रही बातचीत भी सकारात्मक मानी जा रही है। सरकार की योजना एक ही स्थान पर सभी आईटी कंपनियों को भूमि उपलब्ध कराने की है। यदि ऐसा हो पाता है तो सरकार राज्य की पहली साइबर सिटी बनाने में सफल हो पाएगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, साइबर सिटी के लिए रुद्रपुर में पराग फार्म के पास उपलब्ध भूमि पर आईटी कंपनियों को भूमि उपलब्ध कराई जा सकती है।
सरकार की आईटी सेक्टर में 20-30 हजार करोड़ रुपये का निवेश जुटाने का लक्ष्य है। यदि सरकार अपने लक्ष्य के निवेश जुटा लेती है तो साइबर सिटी बनाए जाने की राह आसान हो जाएगी। नाम न बताने की शर्त पर एक आला अफसर ने कहा कि अब तक हुई बातचीत में आईटी कंपनियों का रिस्पांस बहुत सकारात्मक और उत्साहित करने वाला है।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..