मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शेवेनिंग छात्रवृत्ति को मंजूरी, विदेश में मिलेगा पढ़ाई का मौका..
उत्तराखंड: राज्य अधीन विश्वविद्यालय परिसरों एवं शासकीय महाविद्यालयों के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शेवेनिंग छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत यूनाइटेड किंगडम के किसी भी विश्वविद्यालय में अध्ययन के लिए प्रत्येक चयनित छात्र को 68 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस संबंध में राज्य सरकार एवं फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलमेंट ऑफिस (एफसीडीओ), ब्रिटिश हाई कमिशन कार्यालय के बीच हुए समझौते पर बुधवार को कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। राज्य सरकार और एफसीडीओ के बीच छात्रवृत्ति योजना के लिए 14 अगस्त 2024 को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। यह शेवेनिंग छात्रवृत्ति योजना यूनाइटेड किंगडम सरकार की वैश्विक छात्रवृत्ति योजना है।
आपको बता दे कि जिसके तहत यूनाइटेड किंगडम के किसी भी विवि में अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना में राज्य के अधीन विश्वविद्यालय परिसरों एवं शासकीय महाविद्यालयों के अधिकतम पांच आवेदकों को यूके के किसी भी विवि में अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी पाठ्यक्रम में एक वर्ष के लिए मास्टर कोर्स के अध्ययन का अवसर मिलेगा। फिलहाल यह योजना तीन शैक्षणिक सत्रों 2025-26, 2026-27 और 2027-28 के लिए संचालित होगी। इसके तहत करीब 68 लाख की छात्रवृत्ति दी जानी है। अनुबंध के अनुसार चयनित एक आवेदक पर उत्तराखंड सरकार 22 लाख रुपये वहन करेगी। यानी पांच छात्रों पर राज्य सरकार लगभग 110 लाख रुपये खर्च करेगी। वहीं एफसीडीओ प्रत्येक आवेदक पर लगभग 42 से 46 लाख रुपये वहन करेगी।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..