देहरादून में सड़क हादसे से मची अफरा-तफरी, बस में सवार जवान हुए घायल..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन प्रदेश के किसी न किसी हिस्से से सड़क दुर्घटनाओं की खबर सामने आ रही है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां हादसों की वजह बन रही हैं। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसी ही खबर देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र से भी सामने आयी हैं। जहां मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास मंगलवार सुबह सड़क हादसे में IRB फर्स्ट बटालियन के जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई। हादसे में जवानों समेत सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। सीमेंट से लदा 12 टायरी ट्रक सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रहा था। आशारोड़ी के पास ट्रक अनियंत्रित हुआ और आगे चल रही IRB की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान एक मोटरसाइकिल भी ट्रक की चपेट में आ गई। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त बस में IRB के आठ जवान सवार थे। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। हादसे में घायल जवानों में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार के नाम सामने आए हैं। ये सभी जवान रामनगर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। फिलहाल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

More Stories
उत्तराखंड में बैटरी स्टोरेज सिस्टम को मिलेगी रफ्तार, JEM Energy को ₹100 करोड़ का काम..
अग्निवीर भर्ती के लिए रुड़की में जुटे युवा, पहले दिन दस्तावेज जांच के बाद हुई दौड़..
उत्तराखंड में बदलेगा अल्पसंख्यक युवाओं के प्रशिक्षण का तरीका..