समूह-ग की 15 भर्तियों का कैलेंडर जारी, अलग-अलग पदों के लिए अलग परीक्षा तिथियां तय..
उत्तराखंड: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की 15 नई भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक इन भर्तियों के विज्ञापन इसी साल अलग-अलग तारीखों में जारी होंगे, जबकि परीक्षाओं का सिलसिला नवंबर 2026 से शुरू होकर फरवरी 2027 तक चलेगा। आयोग के अनुसार इंटर स्तरीय कनिष्ठ सहायक भर्ती का विज्ञापन 31 अगस्त को जारी किया जाएगा और इसकी परीक्षा 15 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। वैयक्तिक सहायक भर्ती का विज्ञापन 7 सितंबर को आएगा, जिसकी परीक्षा 1 नवंबर को होगी। वन निगम में स्केलर पद के लिए विज्ञापन 8 सितंबर को जारी होगा और 19 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रस्तावित है।
टाइगर गार्ड, वन आरक्षी, सचिवालय रक्षक और बंदीरक्षक पदों के लिए विज्ञापन 11 सितंबर को जारी किया जाएगा। इन पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 27 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। सहायक अध्यापक संस्कृत भर्ती का विज्ञापन 14 सितंबर को आएगा और परीक्षा 6 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसके बाद आईटीआई डिप्लोमा अर्हता वाले पदों के लिए 25 सितंबर को विज्ञापन जारी होगा और परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। विज्ञान अर्हता वाले पदों की भर्ती का विज्ञापन 16 अक्टूबर को, विशिष्ट अर्हता वाले पदों का 30 अक्टूबर को और स्नातक अर्हता वाले पदों का विज्ञापन 6 नवंबर को जारी किया जाएगा। इनकी प्रस्तावित परीक्षाएं क्रमश: 17 जनवरी, 24 जनवरी और 7 फरवरी 2027 को होंगी। सहायक विकास अधिकारी भर्ती का विज्ञापन 16 नवंबर को जारी किया जाएगा और इसकी परीक्षा 21 फरवरी 2027 को प्रस्तावित की गई है। इस तरह UKSSSC की नई भर्तियों की परीक्षा प्रक्रिया अगले साल फरवरी तक जारी रहेगी।
पहले जारी भर्तियों की परीक्षाएं भी तय
आयोग ने पूर्व में जारी विज्ञापनों के तहत होने वाली कई परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित की हैं। पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा 20 सितंबर को होगी। सहायक बोरिंग टेक्नीशियन और कंप्यूटर प्रोग्रामर की परीक्षा 27 सितंबर को प्रस्तावित है। कनिष्ठ कैमरामैन, फोटोकॉपी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, शोध अधिकारी और फोटोग्राफर की परीक्षा 4 अक्टूबर को होगी। कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक की परीक्षा 11 अक्टूबर को, जबकि साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक की परीक्षा 18 अक्टूबर को प्रस्तावित है। लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और अनुदेशक की परीक्षा 25 अक्टूबर को होगी, जबकि पर्यटन अधिकारी की परीक्षा 1 नवंबर को प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा सहायक लेखाकार की परीक्षा 4 अक्टूबर, कृषि अर्हता वाले पदों की परीक्षा 11 अक्टूबर और कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 व वैयक्तिक सहायक की परीक्षा 25 अक्टूबर को होगी। आयोग के इस कार्यक्रम से हजारों अभ्यर्थियों को आगामी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्पष्ट टाइमलाइन मिल गई है। हालांकि परीक्षा की तारीखों में बदलाव होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

More Stories
खेल जगत में उत्तराखंड का बढ़ा मान, अभिनव-अंकिता को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार..
बिजली संकट से मिलेगी राहत, 1320 मेगावाट का प्लांट लगाएगा अदानी पावर..
महिला समूहों के उत्पादों की खरीदारी कर CM धामी ने दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश..