November 19, 2026

उत्तराखंड में धूमधाम से मनाई गई बूढ़ी दीपावली..

उत्तराखंड में धूमधाम से मनाई गई बूढ़ी दीपावली..

गढ़वाली-कुमाऊंनी परंपराओं की दिखी झलक..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल की धूम प्रदेशभर में देखने को मिली। इस अवसर पर जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, इगास की पूर्व संध्या पर 18 नवंबर को सीएम आवास में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी भी पारंपरिक अंदाज में नजर आए और उन्होंने भैलो खेलकर लोक परंपरा का हिस्सा बने। सीएम आवास में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा, सुबोध उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

दीपावली के 11वें दिन मनाया जाता है इगास
इगास बग्वाल को उत्तराखंड की बूढ़ी दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खबर पहाड़ के लोगों तक 11 दिन बाद पहुंची थी। इसी खुशी में लोगों ने दीपावली के बाद इगास मनाई। समय के साथ यह पर्व उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। इस दिन गांवों में पारंपरिक तरीके से उत्सव मनाया जाता है। भैलो खेलना, लोकगीत गाना और सामूहिक रूप से खुशियां बांटना इस पर्व की प्रमुख परंपराओं में शामिल है। इगास का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

लोक संस्कृति और परंपराओं को बचाना जरूरी : सीएम धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास और बूढ़ी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं देवभूमि की विशिष्ट पहचान हैं। किसी भी राज्य की सांस्कृतिक विरासत उसकी आत्मा होती है और इगास जैसे लोकपर्व समाज में उत्साह, एकजुटता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के लोग अब पूरे उत्साह के साथ अपने पारंपरिक त्योहारों को मना रहे हैं। लोकपर्वों के आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें।

पैतृक गांवों से जुड़ें प्रवासी उत्तराखंडी
सीएम ने कहा कि इगास जैसे पर्व लोगों को अपने पैतृक गांवों और पारिवारिक परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं। इसी उद्देश्य से राज्य में इगास के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा शुरू की गई है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से भी अपील की कि वे अपने लोकपर्व को अपने गांवों में आकर मनाने का प्रयास करें। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।

संस्कृति की पहचान है इगास का पर्व
संस्कृति विकास परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने कहा कि संस्कृति विभाग की ओर से मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड की प्राचीन लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने इगास के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इगास का संबंध भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी से जुड़ी लोकमान्यता से है। दीपावली के 11 दिन बाद इस पर्व को मनाने की परंपरा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। आज यह पर्व प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखंडियों को भी अपनी जड़ों से जोड़ रहा है।