जौलीग्रांट से दो धाम की हवाई यात्रा, 26 अप्रैल से शुरू होने की संभावना..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा को लेकर इस बार भी हेली सेवाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। जौलीग्रांट हेलीपैड से श्रद्धालुओं के लिए बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की हेली सेवा 26 अप्रैल से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। यह सेवा रुद्राक्ष एविएशन द्वारा अपने एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर के जरिए संचालित की जाएगी। जानकारी के अनुसार कंपनी पिछले तीन वर्षों से लगातार इस रूट पर उड़ानें संचालित कर रही है और इस बार भी 26 अप्रैल से 15 जून तक, यानी मानसून शुरू होने से पहले तक सेवा संचालित करने की योजना है। इसके बाद बरसात के मौसम में सेवा अस्थायी रूप से बंद रहेगी और सितंबर में दोबारा शुरू की जाएगी। हेली सेवा के तहत श्रद्धालु एक ही दिन में केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। हेलीकॉप्टर सुबह करीब 6:30 बजे जौलीग्रांट से उड़ान भरेगा। मौसम अनुकूल रहने पर दिन में दो उड़ानें संचालित करने की भी योजना है। इसके साथ श्रद्धालुओं के लिए रात्रि विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
किराए की बात करें तो इस वर्ष प्रति व्यक्ति हेली यात्रा का खर्च लगभग 1.35 लाख रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि रात्रि विश्राम सहित पैकेज का किराया करीब 1.50 लाख रुपये तक हो सकता है। पिछले वर्ष यह किराया क्रमशः करीब 1.21 लाख और 1.41 लाख रुपये था। बता दे कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। ऐसे में हेली सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल कंपनी द्वारा आवश्यक अनुमति और अन्य औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी प्रक्रियाएं पूरी होते ही हेली सेवा को आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

More Stories
पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवा, उत्तराखंड को मिलेंगी 75 AI हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें
उत्तराखंड के मदरसों में नई शिक्षा व्यवस्था लागू, एक जुलाई से समाप्त होगा मदरसा बोर्ड
उत्तराखंड में 63 पीसीएस पदों पर भर्ती को मिली रफ्तार, आयोग ने दिए बड़े संकेत..