अग्निवीर भर्ती परीक्षा 1 जून से शुरू, 206 शहरों में बनाए गए 403 केंद्र..
उत्तराखंड: भारतीय सेना ने अग्निवीर और जूनियर कमिश्नड ऑफिसर/अन्य रैंक (जेसीओ/ओआर) भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) 2026 की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सेना की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 तक देशभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ तैयारी का माहौल भी तेज हो गया है। भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 15 मई से जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट http://www.joinindianarmy.comपर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवार समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें, क्योंकि परीक्षा केंद्र पर बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इस बार ऑनलाइन परीक्षा देश के 206 शहरों में बनाए गए 403 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। सेना के अनुसार परीक्षा का उद्देश्य विभिन्न सैन्य भूमिकाओं के लिए योग्य और सक्षम युवाओं का चयन करना है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 22 अलग-अलग श्रेणियों के उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा। गढ़वाल क्षेत्र के हजारों युवा भी इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे। इनमें हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के अभ्यर्थी शामिल हैं। लंबे समय से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह परीक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद अपनी तैयारी को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है।
भारतीय सेना ने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ तकनीकी निगरानी की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सेना ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा पाली, रिपोर्टिंग समय और केंद्र संबंधी जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। सेना अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी समन्वय किया जा रहा है। सेना भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तराखंड समेत देशभर के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना साकार करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

More Stories
तमसा नदी किनारे मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी..
देहरादून के अस्पताल में भीषण आग, एक मरीज की दर्दनाक मौत..
उत्तराखंड के दिव्यांशु का नौसेना में चयन, सब-लेफ्टिनेंट बन करेंगे देशसेवा..