February 24, 2025

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला डेयरी विभाग ने किया सुमाड़ी में कार्यक्रम का आयोजन..

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला डेयरी विभाग ने किया सुमाड़ी में कार्यक्रम का आयोजन..

 

 

रुद्रप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला डेयरी विभाग ने जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर की अध्यक्षता में सुमाड़ी में महिला दिवस मनाया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, भू्रण हत्या, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, खुद स्वावलंबी बने और महिला स्वयं का विकास कैसे करें आदि विषयों पर चर्चा की गई।

डीडीओ ने कहा कि आज के समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। व्यापार, राजनीति या खेल हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से भी बेहतर कार्य कर रही हैं। कहा कि कोई भी समाज महिलाओं को सम्मान व बराबरी का दर्जा दिए बगैर विकास के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता है।

डीडीओ ने महिलाओं से भी हर क्षेत्र में आगे आकर अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ गीता गोरपा ने महिला स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी दी। क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्य ने महिलाओं से उनके बच्चियों की प्रतिभाओं को निखारने और खेलकूद में भागीदारी करने की अपील की। पशु चिकित्सक डॉ पूजा ने महिलाओं से उनके स्वास्थ्य के साथ ही पशुओं के पालन व रख-रखाव तथा बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी।

दुग्ध संघ के अध्यक्ष हरेंद्र पाल ने कार्यक्रम के आयोजन एवं उपस्थित होने पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद दिया। इस दौरान महिला समूह की 160 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम आयोजन में सहायक प्रबंधक विजया नेगी, बसंती राणा, हरीश सेमवाल आदि का सहयोग रहा।