पाताल भुवनेश्वर में गूंजे शिव के जयकारे, नई फसल का पहला अन्न भगवान को किया समर्पित..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाली परंपराएं आज भी पहाड़ों में जीवंत हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा में सदियों पुरानी नवान्न परंपरा का विधिवत निर्वहन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने नई धान की फसल से तैयार चावल का पहला भोग भगवान भुवनेश्वर यानी महादेव को अर्पित किया। विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि और अच्छी पैदावार की कामना की।
विभिन्न समुदायों ने मिलकर चढ़ाया नए अनाज का भोग
मंदिर समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के कई समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। स्थानीय भंडारी, रावल, गुरौ, दसौनी, दौपा, शूल और लोहार समुदाय के प्रतिनिधियों ने नई फसल के चावल भगवान भुवनेश्वर को समर्पित किए। इसके साथ ही मल्लागर्खा क्षेत्र के खाती समुदाय के लोगों ने भी अपनी परंपरा के अनुसार नए अनाज का भोग लगाया। पूजा संपन्न होने के बाद नए चावल से प्रसाद तैयार किया गया और ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता की झलक भी देखने को मिली।
अकाल से मुक्ति की मान्यता से जुड़ी है नवान्न परंपरा
पाताल भुवनेश्वर में नई फसल का पहला अन्न भगवान को अर्पित करने की परंपरा के पीछे महर्षि भृगु से जुड़ी एक प्राचीन लोकमान्यता प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, पुराने समय में हिमालयी क्षेत्र को भीषण अकाल का सामना करना पड़ा था। लंबे समय तक बारिश नहीं होने से लोगों के साथ पशु-पक्षियों के सामने भी भोजन और पानी का संकट पैदा हो गया था। कहा जाता है कि जनकल्याण की कामना से महर्षि भृगु ने भृगुतुंग में भगवान शिव की कठोर तपस्या की। उनकी साधना से प्रसन्न होकर महादेव ने क्षेत्र को अकाल की समस्या से मुक्ति दिलाई। इसके बाद महर्षि भृगु की प्रेरणा से ग्रामीणों ने नई फसल का पहला हिस्सा भगवान भुवनेश्वर को अर्पित करना शुरू किया। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर यह परंपरा लगातार निभाई जा रही है।
खेती, प्रकृति और धार्मिक आस्था का प्रतीक है आयोजन..
पहाड़ी समाज में नई फसल का पहला अनाज देवताओं को समर्पित करने की परंपरा को नवान्न कहा जाता है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, प्रकृति के प्रति आभार और अच्छी फसल के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। पाताल भुवनेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए स्थानीय लोगों ने अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष नीलम भंडारी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान भुवनेश्वर को नई फसल का पहला भोग अर्पित किया गया है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और आने वाली पीढ़ियों तक इसे पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने की अपील की। आयोजन में मंदिर समिति के महासचिव जगत सिंह रावल, उपाध्यक्ष तिलोक सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष केदार सिंह भंडारी और कार्यालय लिपिक ललित मोहन सिंह रावल सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।

More Stories
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा, चार जिलों के सभी 435 केंद्र सामान्य, संवेदनशील श्रेणी में एक भी नहीं
सिलिंडर विस्फोट के बाद पवाणी गांव में भड़की आग, 33 भवन जलकर खाक..
उत्तराखंड में बंदर-लंगूरों की गिनती होगी हाईटेक, जीपीएस से दर्ज होगी लोकेशन..