November 23, 2026

सीएम धामी ने किया बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार होगा श्रीनगर..

सीएम धामी ने किया बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार होगा श्रीनगर..

 

 

 

उत्तराखंड: गढ़वाल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बैकुंठ चतुर्दशी मेला इस बार भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर के आवास विकास मैदान में बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। दस दिनों तक चलने वाले इस मेले में स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और विकास से जुड़ी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मेले में विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। सीएम ने स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालकों से जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

40 चरण पादुकाओं में सुरक्षित है कमलेश्वर मंदिर का इतिहास
बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्रीनगर स्थित प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर की ऐतिहासिक विरासत भी विशेष चर्चा का विषय है। यह मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही गढ़वाल की प्राचीन परंपराओं और इतिहास को भी अपने भीतर समेटे हुए है। मंदिर परिसर में संरक्षित करीब 40 चरण पादुकाएं यहां की महंत परंपरा और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों की स्मृतियों को संजोए हुए हैं। इन पादुकाओं पर नाम, संवत और कार्यकाल से संबंधित जानकारियां उकेरी गई हैं। खास बात यह है कि इनमें केवल मंदिर के महंतों की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रतिष्ठित और धार्मिक कार्यों से जुड़े लोगों की चरण पादुकाएं भी शामिल हैं। मंदिर की महंत परंपरा की शुरुआत वर्ष 1787 से मानी जाती है। इस परंपरा में अब तक 12 महंत अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में 12वें महंत मंदिर की धार्मिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं।

संवत 1860 से 2040 तक के मिलते हैं ऐतिहासिक प्रमाण
कमलेश्वर मंदिर में मौजूद चरण पादुकाएं इतिहास के महत्वपूर्ण दस्तावेज की तरह हैं। इन पर दर्ज अभिलेखों के माध्यम से अलग-अलग समय की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिलती है। हालांकि, लंबे समय के अंतराल के कारण कुछ अभिलेख धुंधले हो चुके हैं, लेकिन कई पादुकाओं पर अंकित विवरण आज भी पढ़े जा सकते हैं। उपलब्ध अभिलेखों में संवत 1860 से लेकर संवत 2040 तक की तिथियों का उल्लेख मिलता है। पत्थरों पर उकेरे गए नाम और समय से जुड़े ये विवरण मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता को और बढ़ाते हैं। यही वजह है कि कमलेश्वर मंदिर को केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि गढ़वाल की सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी देखा जाता है।

खड़ा दीया परंपरा के लिए देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
कमलेश्वर महादेव मंदिर की पहचान बैकुंठ चतुर्दशी पर निभाई जाने वाली अनूठी खड़ा दीया परंपरा से भी जुड़ी है। इस पर्व पर संतान प्राप्ति की कामना लेकर निःसंतान दंपती दूर-दराज के क्षेत्रों से मंदिर पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धालु रातभर खड़े रहकर हाथों में जलता हुआ दीपक धारण करते हैं और भगवान शिव से संतान प्राप्ति का आशीर्वाद मांगते हैं। इस विशेष धार्मिक परंपरा के कारण बैकुंठ चतुर्दशी के दौरान कमलेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर की इस विशिष्ट परंपरा और ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख दिल्ली के अक्षरधाम में प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री में भी किया गया है। इस वर्ष 23 नवंबर को मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर्व मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था, सदियों पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का संगम श्रीनगर के इस आयोजन को विशेष पहचान देता है।