बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं! स्कूल बसों की चेकिंग तेज, नियम टूटे तो होगी कार्रवाई
उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रदेशभर में स्कूल बसों और वैन की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में परिवहन विभाग के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीमें भी शामिल हैं। अधिकारियों की ओर से खासतौर पर उन समयों में स्कूली वाहनों की निगरानी की जा रही है, जब बच्चे स्कूल जाते हैं और छुट्टी के बाद घर लौटते हैं। देहरादून समेत प्रदेश के सभी जिलों में अलग-अलग मार्गों पर चेकिंग की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने वाले वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
दस्तावेजों के साथ सुरक्षा इंतजामों की भी जांच
देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला के मुताबिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से प्रदेशभर में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। राजधानी में उन प्रमुख सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां सुबह और दोपहर के समय स्कूली वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। चेकिंग के दौरान वाहनों के पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी जांचा जा रहा है। इसके अलावा वाहन में बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराए गए इंतजामों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
हेल्पर और महिला अटेंडेंट की मौजूदगी जरूरी
परिवहन विभाग की टीमें यह भी देख रही हैं कि स्कूली वाहनों में चालक के अलावा सहायक यानी हेल्पर मौजूद है या नहीं। वहीं, जिन वाहनों में छात्राएं सफर करती हैं, उनमें महिला अटेंडेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए इन व्यवस्थाओं का पालन जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फर्स्ट एड किट से लेकर GPS और CCTV तक की पड़ताल
स्कूली वाहनों में सुरक्षा उपकरणों की जांच भी अभियान का अहम हिस्सा है। प्रत्येक वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र होना जरूरी है। इसके साथ ही जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता भी देखी जा रही है। सिर्फ उपकरण लगे होने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनकी कार्यशील स्थिति की भी जांच की जा रही है। वहीं, वर्ष 2023 के बाद पंजीकृत स्कूली वाहनों में फायर डिटेक्शन सिस्टम की मौजूदगी और उसकी कार्यक्षमता भी परखी जा रही है, ताकि आग जैसी आपात स्थिति में समय रहते सतर्कता बरती जा सके।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, स्कूलों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि स्कूल प्रबंधन और वाहन मालिक बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न करें। इसके साथ ही परिवहन विभाग स्कूलों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की भी तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रदेश के स्कूलों को पत्र भेजकर रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित सफर के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे बच्चों के लिए स्कूल वाहन का चयन करते समय जरूरी सुरक्षा मानकों की जानकारी रखें।

More Stories
सीएम धामी ने किया बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार होगा श्रीनगर..
उत्तराखंड में मजदूरों को राहत, नेटवर्क नहीं होने पर भी अब दर्ज होगी हाजिरी
गंगा संरक्षण को लेकर धामी सरकार की पहल, हरिद्वार में नदी में छोड़े गए 10 हजार मत्स्य बीज..