November 23, 2026

उत्तराखंड में मजदूरों को राहत, नेटवर्क नहीं होने पर भी अब दर्ज होगी हाजिरी

उत्तराखंड में मजदूरों को राहत, नेटवर्क नहीं होने पर भी अब दर्ज होगी हाजिरी..

 

 

 

उत्तराखंड: VB-G RAM G योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों और ग्राम पंचायतों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क या इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां मजदूरों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज कराने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। ऐसे इलाकों में अब रजिस्टर के माध्यम से मैनुअल हाजिरी लगाने की अनुमति दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से खासकर पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, प्रदेश के कई ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में नेटवर्क की समस्या के चलते मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही थी। इसका असर सीधे तौर पर रोजगार के रिकॉर्ड और मजदूरी भुगतान पर पड़ रहा था। कई स्थानों पर तकनीकी दिक्कतों के कारण काम करने के बावजूद श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी सामने आ रही थी।

ग्राम प्रधानों के विरोध के बाद सरकार ने लिया फैसला
ऑनलाइन हाजिरी की अनिवार्यता को लेकर ग्राम प्रधानों में लंबे समय से नाराजगी थी। पिछले महीने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए ग्राम प्रधानों ने देहरादून में प्रदर्शन कर सरकार के सामने अपनी मांग रखी थी। प्रधानों का कहना था कि पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियां मैदानी इलाकों से अलग हैं। कई गांव ऐसे हैं जहां मोबाइल नेटवर्क तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था को हर जगह अनिवार्य करना व्यावहारिक नहीं है। ग्राम प्रधानों ने मांग की थी कि जहां इंटरनेट और नेटवर्क की सुविधा नहीं है, वहां पहले की तरह रजिस्टर के जरिए मजदूरों की हाजिरी दर्ज करने की छूट दी जाए।

मंत्री ने जारी किए मैनुअल हाजिरी के निर्देश
इस मामले में ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने स्पष्ट किया है कि नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं से प्रभावित क्षेत्रों में मैनुअल उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत डार्क जोन और ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है, जहां ऑनलाइन हाजिरी लगाना संभव नहीं है। इन स्थानों पर अब मजदूरों की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज की जा सकेगी। इससे तकनीकी कारणों से श्रमिकों की हाजिरी छूटने की समस्या कम होगी।

मजदूरों की मजदूरी पर नहीं पड़ेगा नेटवर्क का असर
सरकार के इस निर्णय को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। अब नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण मजदूरों को हाजिरी दर्ज कराने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी। साथ ही ग्राम पंचायतों को भी योजना के तहत कामकाज का रिकॉर्ड रखने में आसानी होगी। खासतौर पर उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हो सकती है, जहां आज भी कई गांव संचार सुविधाओं से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए हैं।