टिहरी के गूलर में बड़ा बस हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। सुबह गूलर बाजार के नजदीक बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
आठ यात्रियों की मौत, कई की हालत गंभीर
हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश ले जाते समय दम तोड़ दिया। एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, घटनास्थल से चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, खाई में गिरे अन्य लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों ने अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाल लिया है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड
राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार
अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर
प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर
अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड
बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड
आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम
नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम
राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड
जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली
पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग
संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार
वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली
फिलहाल घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

More Stories
आस्था के आगे टूटे पुराने रिकॉर्ड, चारधाम यात्रा में पहली बार पहुंचे 65 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
अफ्रीका में इबोला का खतरा, उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर..
अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों पर उठे सवाल, प्रधानाचार्यों की भर्ती की होगी पड़ताल..