PM मोदी ने CM धामी को पत्र लिखकर की उत्तराखंड की उपलब्धियों की सराहना..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। राज्य स्थापना दिवस केवल एक वर्षगांठ नहीं, बल्कि देवभूमि के लोगों के संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय लोगों ने जिन सपनों और उम्मीदों के साथ अलग उत्तराखंड की कल्पना की थी, प्रदेश आज उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत को बताया उत्तराखंड की ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा यह प्रदेश आध्यात्मिकता और प्रकृति का अनूठा संगम है। मां गंगा और यमुना का उद्गम स्थल होने के साथ ही उत्तराखंड में पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम जैसी धार्मिक परंपराएं इसे देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में विशेष स्थान दिलाती हैं। उन्होंने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।
देवभूमि से अपने पुराने जुड़ाव को किया याद
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने व्यक्तिगत और पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्हें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में समय बिताने का अवसर मिला। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की यात्रा, पहाड़ों के बुग्यालों और प्रदेश की माताओं-बहनों से मिले स्नेह की यादें आज भी उनके मन में हैं। उन्होंने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं।
चारधाम ऑल वेदर रोड और रेल परियोजनाओं से बढ़ी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में उत्तराखंड में बीते वर्षों के दौरान आधारभूत ढांचे के विस्तार को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के लक्ष्य को लेकर पिछले एक दशक में सड़क, रेल और अन्य संपर्क सुविधाओं को मजबूत किया गया है। उन्होंने करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इसके अलावा लगभग 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं से चारधाम यात्रा को अधिक सुगम बनाने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के विकास कार्यों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण को विशेष महत्व का कार्य बताया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम में भी करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट, प्लाजा और मास्टर प्लान के तहत सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं के बल पर आने वाले वर्षों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस पर एक बार फिर समस्त प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

More Stories
दिवाली पर फिर लौटी पहाड़ की पुरानी रौनक, 200 रुपये में मिल रहा पारंपरिक भैलो..
दिवाली की खुशियों के बीच हादसा,गहरी खाई में गिरा 24 वर्षीय युवक..
सोमवती अमावस्या पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़..