November 4, 2026

उत्तराखंड को राष्ट्रीय पहचान, डॉ. धन सिंह रावत निर्विरोध बने भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष..

उत्तराखंड को राष्ट्रीय पहचान, डॉ. धन सिंह रावत निर्विरोध बने भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नॉर्दर्न रीजन की ओर से उनका निर्विरोध चयन किया गया है। इस नियुक्ति को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संगठन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा। डॉ. धन सिंह रावत वर्तमान में उत्तराखंड भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष भी हैं। उन्हें नॉर्दर्न रीजन से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया है। इस क्षेत्र में उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति और उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे व पूर्वोत्तर रेलवे भी इस क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने में निभाई अहम भूमिका
प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. रावत ने प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को विस्तार देने के लिए कई पहल की हैं। उनका जोर सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में नई इकाइयों की स्थापना और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ने पर रहा है। उनके नेतृत्व में स्काउट-गाइड गतिविधियों को केवल शैक्षणिक दायरे तक सीमित रखने के बजाय युवाओं को सामाजिक सेवा, अनुशासन, साहसिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर भी काम किया गया है। संगठन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पहले ही देश के प्रतिष्ठित सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है। यह स्काउटिंग के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है।

युवाओं को नई दिशा देने पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद डॉ. धन सिंह रावत की भूमिका अब संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण होगी। इस जिम्मेदारी के माध्यम से प्रदेश में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। अपने चयन पर डॉ. रावत ने खुशी जताते हुए कहा कि नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना जाना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेश की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति, सेवा और अनुशासन की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उनका प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा इससे जुड़कर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकें।