November 3, 2026

बर्फबारी के बीच केदारताल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लापता ट्रैकर्स के सामान से जगी उम्मीद..

बर्फबारी के बीच केदारताल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लापता ट्रैकर्स के सामान से जगी उम्मीद..

 

उत्तराखंड: केदारताल ट्रैक पर लापता हुए ट्रैकर्स की खोज के लिए एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और खराब मौसम के बीच जवान लापता लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। इसी दौरान करीब 4 हजार मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के पास ट्रैकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक लापता ट्रैकर्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बर्फबारी के बीच जारी है तलाश
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एडवांस टीम को अभियान में लगाया गया है। टीम घटनास्थल की ओर बढ़ते हुए आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग कर रही है। अभियान के दौरान टेंट और अन्य सामान मिलने के बाद लापता ट्रैकर्स की तलाश को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। रेस्क्यू अभियान में मौसम सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से जानकारी दी कि क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। अत्यधिक ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम के कारण जवानों को आगे बढ़ने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही एक सुरक्षित कैंप तैयार किया है, जहां जवान रात बिताएंगे। मौसम में सुधार और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल एसडीआरएफ और एनआईएम की टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद लापता ट्रैकर्स की तलाश में जुटी हैं। टेंट और सामान मिलने के बाद अब आसपास के क्षेत्र में खोज अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी है।