October 26, 2026

सीमांत जिले के विकास पर धामी सरकार का फोकस, पिथौरागढ़ के लिए 9 बड़े ऐलान..

सीमांत जिले के विकास पर धामी सरकार का फोकस, पिथौरागढ़ के लिए 9 बड़े ऐलान..

 

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 284 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 67 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को गति देने के लिए नौ नई घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक भी वितरित किए गए। इनमें उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे।

सीमांत जिले में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं पर जोर
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। पिथौरागढ़ में शुरू की गई विकास योजनाओं से सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाएं मजबूत होने की उम्मीद है। उन्होंने पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए बताया कि 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हो रहे इस संस्थान में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे। सीएम ने पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल परियोजना को भी महत्वपूर्ण बताया। इसके पूरा होने से गंगोलीहाट की दूरी कम होने और हाट कालिका मंदिर तक आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास पर 450 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी
सीएम ने कहा कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून के लिए हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे सीमांत क्षेत्र में आवागमन और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दौरे के बाद इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के प्रति लोगों की रुचि बढ़ी है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक होने की संभावना जताई गई है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है।

युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
सीएम ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी बनाने के लिए नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संचालित लखपति दीदी योजना सहित अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही समान नागरिक संहिता, भू-कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे फैसलों को राज्य सरकार की प्रमुख पहलों में शामिल बताया। मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

नेत्र चिकित्सालय में शुरू हुई नई सुविधा
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से गुंजी और आदि कैलाश जैसे सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचना आसान हुआ है। उन्होंने धार्मिक पर्यटन, साहसिक गतिविधियों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इस उपकरण से आंखों की जांच और मोतियाबिंद के ऑपरेशन से पहले लेंस की क्षमता निर्धारित करने जैसी प्रक्रियाओं में मदद मिलेगी, जिससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

ये प्रमुख घोषणाएं

नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया जाएगा।
कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स कार्य किया जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा।
अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा।
मूनाकोट (रियांसी) में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य किया जाएगा।
ज्याला मंदिर, छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
चण्डाक–छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा।