October 5, 2026

हरिद्वार से गुजरात और ओखा की राह होगी आसान, केंद्र ने नई रेल सेवाओं को दी हरी झंडी..

हरिद्वार से गुजरात और ओखा की राह होगी आसान, केंद्र ने नई रेल सेवाओं को दी हरी झंडी..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में रेल यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने रेल सेवाओं के विस्तार से जुड़े कई फैसलों को मंजूरी दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस को हरिद्वार तक संचालित करने की स्वीकृति दी है। इसके अलावा हरिद्वार से गुजरात और द्वारका क्षेत्र को जोड़ने वाली दो एसी ट्रेनों के संचालन को भी मंजूरी मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इन फैसलों की जानकारी दी है। प्रस्तावित सेवाओं में हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से हरिद्वार की देश के पश्चिमी हिस्सों से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।

तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मिलेगी सुविधा
हरिद्वार उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार है। नई रेल सेवाओं से धार्मिक यात्राओं के साथ पर्यटन और व्यापार से जुड़े लोगों को भी आवाजाही में सुविधा मिलने की संभावना है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्यटन और तीर्थाटन केंद्र वाले राज्य के लिए बेहतर रेल नेटवर्क का सीधा लाभ यात्रियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल सकता है। हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए प्रस्तावित एसी एक्सप्रेस सेवाएं उत्तराखंड को गुजरात और पश्चिमी भारत के प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ेंगी। इससे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ व्यापार, शिक्षा और अन्य कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी विकल्प मिलेंगे। सरकार के अनुसार प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। नई ट्रेनों और मौजूदा सेवाओं के विस्तार से उत्तराखंड की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में मदद मिलेगी।