उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव की तैयारी शुरू..
रिक्त पदों पर 12 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट..
उत्तराखंड: त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जिले में पंचायत उपचुनाव के लिए 12 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
आदेश के अनुसार, जिन ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में रिक्त पदों पर चुनाव होना है, उनके संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। यह आचार संहिता 14 अक्टूबर को मतगणना पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को चुनाव के दौरान आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून जिले के चकराता विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 26 पदों, कालसी में 14 पदों और विकासनगर में ग्राम पंचायत सदस्य के तीन तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद पर चुनाव होगा। विकासनगर में क्षेत्र पंचायत सदस्य का रिक्त पद सभावाला क्षेत्र से सामान्य वर्ग के लिए है। वहीं सहसपुर में ग्राम पंचायत सदस्य के छह और क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद पर उपचुनाव कराया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य का यह पद क्यारकुली भट्टा से महिला वर्ग के लिए है। इसके अलावा रायपुर में ग्राम पंचायत सदस्य के 10 और डोईवाला में आठ पदों पर मतदान होगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की बिक्री 30 सितंबर और एक अक्टूबर को होगी। नामांकन पत्रों की जांच तीन अक्टूबर को की जाएगी, जबकि नाम वापसी के लिए चार अक्टूबर की तिथि निर्धारित है। पांच अक्टूबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना होगी।

More Stories
कालिंदी ट्रेक पर फंसे 29 ट्रेकर्स सुरक्षित, हर्षिल पहुंचाकर कराई गई मेडिकल जांच..
उत्तराखंड में बिजली संकट के बीच सरकारी विभागों पर बढ़ेगा दबाव..
उत्तराखंड में 136 ट्रेकर्स के रेस्क्यू के लिए प्रशासन मुस्तैद..