सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं तो कमाई का मौका..
उत्तराखंड सरकार देगी ₹5 हजार महीना..
उत्तराखंड: सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट में रुचि रखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ प्रशासनिक, खेल और युवा कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए दो महीने के विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम को मंजूरी दी है। इस कार्यक्रम के तहत चयनित युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। यह कार्यक्रम डिजिटल युवा महोत्सव 2026-27 के तहत शुरू किए जा रहे ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ का हिस्सा है। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद अब इसके लिए युवाओं से आवेदन लिए जाएंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया प्रबंधन, संचार, प्रबंधन और विभागीय कार्यप्रणाली से जोड़ना है, ताकि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके।
कार्यक्रम के पहले चरण में पूरे उत्तराखंड से 20 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया ऑनलाइन आवेदन, स्क्रीनिंग और निर्धारित पात्रता के आधार पर पूरी की जाएगी। डिजिटल यूथ फेस्टिवल में पंजीकृत या इसमें भाग लेने वाले युवाओं को चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। चयनित युवाओं को विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। इस इंटर्नशिप के लिए आवेदक का उत्तराखंड का मूल निवासी होना जरूरी होगा। मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज में स्नातक अथवा परास्नातक की पढ़ाई कर रहे युवा आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा स्नातक की डिग्री हासिल कर चुके युवा भी इस कार्यक्रम के लिए पात्र होंगे। डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और कंटेंट क्रिएशन में रुचि रखने वाले युवाओं को इस कार्यक्रम में काम करने का अवसर मिलेगा।
इंटर्नशिप के दौरान युवाओं की भूमिका काफी अहम होगी। उन्हें डिजिटल युवा महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों में पंजीकरण कराने, वीडियो अपलोड करने और कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में सहयोग करना होगा। इसके अलावा विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों को सोशल मीडिया तक पहुंचाने के लिए पोस्ट, रील, वीडियो और दूसरे तरह का डिजिटल कंटेंट तैयार करना होगा। युवाओं को ‘फिट उत्तराखंड’ एप से जुड़ी गतिविधियों के प्रचार और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने का काम भी करना होगा। विभागीय कार्यक्रमों से संबंधित आंकड़ों को जुटाने, उनका रिकॉर्ड तैयार करने और डिजिटल अभिलेख बनाए रखने की जिम्मेदारी भी इंटर्न्स को दी जाएगी।
सरकार ने इंटर्नशिप के दौरान युवाओं के मार्गदर्शन और काम की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की है। प्रत्येक इंटर्न के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो उन्हें काम सौंपने के साथ-साथ रोजाना मार्गदर्शन और प्रदर्शन की समीक्षा करेगा। कार्यक्रम की प्रगति को लेकर दिन में दो बार वर्चुअल बैठक भी आयोजित की जाएगी। ये बैठकें सुबह 10:30 बजे और शाम 5:30 बजे होंगी। दो महीने की इस इंटर्नशिप के दौरान प्रत्येक चयनित युवा को 5 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। वहीं, निर्धारित जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक पूरा करने पर विभाग की ओर से प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को डिजिटल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।

More Stories
देहरादून में महिला का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका..
शहरों में तेजी से होगा सौंदर्यीकरण, 15 अक्टूबर तक सड़कें होंगी दुरुस्त
उत्तराखंड में मदरसों की बदली व्यवस्था, धामी सरकार ने लागू किया नया सिस्टम..