August 24, 2026

यमुनोत्री धाम में रिकॉर्डतोड़ भीड़, 6.68 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..

यमुनोत्री धाम में रिकॉर्डतोड़ भीड़, 6.68 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में मानसून के दौरान मौसम की चुनौतियों के बीच चारधाम यात्रा लगातार जारी है। यात्रा शुरू होने के 125 दिनों में ही चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 48 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। इस साल अब तक 48 लाख 4 हजार 897 श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल इसी अवधि में 42 लाख 82 हजार 263 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस तरह इस बार यात्रियों की संख्या में 5 लाख 22 हजार 634 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया नया रिकॉर्ड
चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक 6 लाख 68 हजार 163 यात्री मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में इसी अवधि तक यह संख्या 6 लाख 44 हजार 637 थी। इस लिहाज से यमुनोत्री धाम में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। चारों धामों में सबसे अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। यहां अब तक 16 लाख 54 हजार 263 यात्रियों ने दर्शन किए हैं। वहीं केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 7 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री में 6 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अब तक 2 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेक चुके हैं। बदरीनाथ धाम में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 3 लाख 62 हजार 304 अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

मानसून में बढ़ाई गई निगरानी
मानसून सीजन को देखते हुए चारधाम यात्रा को विशेष सतर्कता के साथ संचालित किया जा रहा है। यात्रा मार्ग से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखा गया है। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार यात्रा को नियंत्रित करने के इंतजाम किए गए हैं। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धामों और प्रमुख यात्रा पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रदेश सरकार और प्रशासन की ओर से यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने की अपील की जा रही है। खराब मौसम या मार्ग में किसी तरह की बाधा की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में यात्रियों को मौसम संबंधी अपडेट लेते रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मानसून के बावजूद यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।