उत्तराखंड में 63 पीसीएस पदों पर भर्ती को मिली रफ्तार, आयोग ने दिए बड़े संकेत..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में लंबे समय से प्रतीक्षित अपर पीसीएस भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने स्पष्ट किया है कि अपर पीसीएस के रिक्त पदों के लिए भर्ती विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। इससे प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त होने की उम्मीद है। आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार से अपर पीसीएस के 63 रिक्त पदों का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। वर्तमान में आयोग इन पदों के प्रस्ताव और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताओं का परीक्षण कर रहा है। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आगामी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी में तेजी लाएं, क्योंकि अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा (प्री) अक्टूबर माह में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। प्रदेश में काफी समय से इस भर्ती का इंतजार किया जा रहा था। विभिन्न विभागों में अधिकारियों के रिक्त पदों के कारण भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग लगातार उठती रही है। अब आयोग की ओर से भर्ती का संकेत मिलने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि विज्ञापन जारी होने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी, जिसके बाद अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकेंगे।
सहायक समीक्षा अधिकारी समेत 24 पदों की परीक्षा 19 जुलाई को
इसी बीच उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रदेश के उच्च न्यायालय से संबंधित विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार सहायक समीक्षा अधिकारी असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी स्थित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि परीक्षा के प्रवेश पत्र 4 जुलाई से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे, इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय रहते वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लेना चाहिए। आयोग ने सभी परीक्षार्थियों से परीक्षा तिथि, समय और केंद्र से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।

More Stories
पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवा, उत्तराखंड को मिलेंगी 75 AI हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें
उत्तराखंड के मदरसों में नई शिक्षा व्यवस्था लागू, एक जुलाई से समाप्त होगा मदरसा बोर्ड
कसार देवी में ‘जात्रा द कसार फेस्टिवल’ ने बिखेरे संस्कृति के रंग, पैराग्लाइडिंग ने बढ़ाया रोमांच..