April 2, 2026

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत, रुद्रप्रयाग-चोपता बस सेवा का शुभारंभ..

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत, रुद्रप्रयाग-चोपता बस सेवा का शुभारंभ..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पर्वतीय जनपद रुद्रप्रयाग में लंबे समय से प्रतीक्षित रुद्रप्रयाग से चोपता तक सीधी बस सेवा का संचालन बुधवार से शुरू हो गया है। इस नई सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। जीएमओयू (गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन) द्वारा संचालित इस बस को स्थानीय अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा खास तौर पर तुंगनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र के आसपास बसे गांवों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। अब तक इस रूट पर सीधी बस सेवा न होने के कारण यात्रियों को कई बार वाहन बदलकर यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे।

नई व्यवस्था के तहत बस प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे रुद्रप्रयाग से रवाना होकर लगभग 12:30 बजे चोपता पहुंचेगी। वहीं अगले दिन सुबह 9 बजे यह बस चोपता से ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी। इससे यात्रियों को एक ही सेवा में कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र सालभर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहता है। प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन अब तक सीधी परिवहन सुविधा के अभाव में लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। नई बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रा न केवल आसान होगी बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

संचालकों के अनुसार बस का किराया सामान्य रखा गया है, ताकि आम यात्रियों को किसी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना न करना पड़े। साथ ही यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार भविष्य में इस रूट पर अतिरिक्त बस सेवाएं भी शुरू की जा सकती हैं। इस पहल को स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है, जिससे न केवल आवाजाही सुगम होगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलेगी।