March 26, 2026

मेडिकल छात्रा का कार में सुसाइड! प्रताड़ना के आरोपों में घिरे विभागीय डॉक्टर, जांच तेज..

मेडिकल छात्रा का कार में सुसाइड! प्रताड़ना के आरोपों में घिरे विभागीय डॉक्टर, जांच तेज..

 

 

उत्तराखंड: देहरादून से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (SGRR) की एमएस नेत्र रोग की 23 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कार के भीतर मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि घटना बीती रात की है। छात्रा ने इस कदम से पहले अपने पिता से करीब एक घंटे तक फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर विभागाध्यक्ष की ओर से फेल करने की धमकी और मानसिक दबाव की बात कही थी। पिता ने उसे समझाकर अगले दिन कॉलेज आने को कहा, लेकिन इसके कुछ घंटों बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया।

अनहोनी की आशंका के चलते पिता देर रात ही अंबाला से देहरादून के लिए रवाना हो गए। शहर पहुंचने पर अस्पताल मार्ग के पास छात्रा की कार सड़क किनारे खड़ी मिली, जो अंदर से लॉक थी। जब उन्होंने शीशा तोड़कर कार खोली तो छात्रा ड्राइविंग सीट पर अचेत अवस्था में मिली। उसके हाथ में कैनुला लगा था और कार में इंजेक्शन मौजूद थे। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता ने विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय बदलाव के बाद से उनकी बेटी पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उसे जानबूझकर कम अंक देकर फेल करने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ महीनों से छात्रा तनाव में थी और इस संबंध में वे कई बार संबंधित डॉक्टर से मिल चुके थे। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से दावा किया गया है कि छात्रा लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का उपचार ले रही थी और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। इस संबंध में अभिभावकों की ओर से संस्थान को पूर्व में लिखित जानकारी भी दी गई थी। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है, जिसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और संस्थान से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया जा रहा है।