December 30, 2025

अल्मोड़ा के सैलापानी के पास बस दुर्घटनाग्रस्त, सात यात्रियों की मौत..

अल्मोड़ा के सैलापानी के पास बस दुर्घटनाग्रस्त, सात यात्रियों की मौत..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में पहाड़ी और ग्रामीण मार्गों पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए दिन बस, ट्रक और निजी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें सामने आती रहती हैं, जिनमें अक्सर कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं या गंभीर रूप से घायल होते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तराखंड में सड़कों की खराब स्थिति, तेज और घुमावदार मार्ग, भारी वाहन और कभी-कभी चालक की लापरवाही हादसों के मुख्य कारण बनते हैं। उत्तराखंड के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में भी सोमवार सुबह एक यात्री बस खाई में गिरने से बड़ा हादसा हुआ। दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल था और स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार बस रामनगर की ओर जा रही थी। सैलापानी बैंड के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई। पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई। इसके साथ ही घायल महिला ने सीएचसी भिकियासैंण में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क की खराब स्थिति और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकती है।

दुर्घटना हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की थी, जिसकी संख्या यूके 07 PA 4025 है। यह बस सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी। आज सुबह बस साढ़े छह बजे नोबाड़ा से चली थी। करीब आठ बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटना हो गई। चालक परिचालक ठीक है। बस रामनगर के मोहम्मद अल्ताफ की है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है और घटना की पूरी जांच कर रहे हैं।