October 27, 2026

 निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस..

 निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस

 

 

उत्तराखंड: रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत में व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत पड़ा है। सूचना पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां व्यक्ति का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बहा हुआ था। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52) पुत्र पवन कुमार, निवासी पंजाब के रूप में की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई होगी। हालांकि, अभी तक मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति किन परिस्थितियों में इमारत से नीचे गिरा।