सीएम धामी ने किया पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन..
वैदिक और आधुनिक शिक्षा का होगा संगम..
उत्तराखंड: विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर हरिद्वार में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम की शुरुआत हुई। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पतंजलि वेलनेस योगग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुरुकुलम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में योग गुरु एवं पतंजलि के संस्थापक स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सीएम ने कहा कि आयुर्वेद और योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। गुरुकुलम की शुरुआत को उन्होंने इन परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह योग को देश-दुनिया और आम लोगों तक पहुंचाने के प्रयास हुए हैं, उसी तरह भारतीय ज्ञान, जीवन पद्धति और परंपराओं को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। सीएम धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीढ़ियों से चली आ रही कई ऐसी परंपराएं हैं, जिनमें जीवन को स्वस्थ और संतुलित रखने की सीख मिलती है। इन परंपराओं को आधुनिक समय की जरूरतों के साथ आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है। विश्व आयुर्वेद दिवस के मौके पर सीएम ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वैदिक और आधुनिक शिक्षा का संयोजन
पतंजलि गुरुकुलम के मुताबिक संस्थान भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध है। यहां पारंपरिक वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। संस्थान की वेबसाइट पर हरिद्वार स्थित गुरुकुलम में कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई का उल्लेख किया गया है। कार्यक्रम में भारतीय शिक्षा पद्धति, आयुर्वेद और देश की पारंपरिक ज्ञान व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। गुरुकुलम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं से जोड़ने के साथ आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

More Stories
पोखरी मोटर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में एक की मौत
GIS मास्टर प्लान से होगा शहरों का नियोजित विकास..
नंदा-सुनंदा महोत्सव में दिखी आस्था और लोक संस्कृति की झलक..