दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट, सीमाओं से धार्मिक स्थलों तक बढ़ाई गई चौकसी..
उत्तराखंड: दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए बम धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। घटना के बाद उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राज्य पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जिलों में अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी दीपम सेठ ने सभी जिला प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत नियंत्रण किया जाए।
राज्यभर में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोलिंग टीमें, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वायड को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरंतर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय ने बताया कि सभी जिलों की गतिविधियों की निगरानी कंट्रोल रूम से रियल टाइम में की जा रही है। डीजीपी दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें। राज्य पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के लिए सभी एजेंसियां पूर्ण रूप से सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमों को चौबीसों घंटे तैयार रखा गया है।

More Stories
उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में अक्षत चमके, 12वीं में तीन टॉपर्स
अयोध्या में उत्तराखंड का सांस्कृतिक केंद्र, धामी सरकार का बड़ा फैसला..
6733 श्रद्धालुओं को मिला उपचार, केदारनाथ यात्रा में हेली रेस्क्यू से बच रहीं जानें..