March 12, 2025

उत्तराखंड में आज लागू होगा UCC, सीएम करेंगे पोर्टल और नियमावली का लोकार्पण..

उत्तराखंड में आज लागू होगा UCC, सीएम करेंगे पोर्टल और नियमावली का लोकार्पण..

 

 

उत्तराखंड: प्रदेश में ढाई साल की तैयारियों के बाद आज राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने जा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी आज मुख्य सेवक भवन में यूसीसी के पोर्टल और नियमावली का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को गृह सचिव की ओर से इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया गया। इसके साथ ही उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।

समान नागरिक संहिता के लिए 27 मई 2022 को एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था। समिति ने 2 फरवरी 2024 को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी थी। इसके बाद 8 मार्च 2024 को यह विधेयक विधानसभा में पारित हुआ। विधानसभा से पारित होने के बाद इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा गया था। यहां से 12 मार्च 2024 को इस अधिनियम पर राष्ट्रपति की मंजूरी मिली थी। इसके बाद यूसीसी के क्रियान्वयन के लिए तकनीक आधारित व्यवस्था लागू की गई। नागरिकों और अधिकारियों के लिए ऑनलाइन पोर्टल विकसित किए गए। 20 जनवरी को कैबिनेट ने यूसीसी के नियमों को अंतिम रूप देकर इसे पारित कर दिया। पिछले कई दिनों से इसके पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन को लेकर विभिन्न स्तरों पर मॉक ड्रिल भी चल रही थी।

शुक्रवार को हुई मॉक ड्रिल में पहले आई समस्याओं को दूर कर लिया गया। अब यह पोर्टल आम नागरिकों और अधिकारियों के प्रयोग के लिए पूरी तरह से तैयार है। दोपहर 12.30 लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही यूसीसी की नियमावली का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद से विवाह, तलाक, लिव इन, लिव इन से अलग होना, विरासत आदि के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए जएंगे।