अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी स्कूल बस, छात्रों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा..
उत्तराखंड: देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटी ढलानी से सोमवार सुबह बड़ी खबर सामने आई, जब संस्कार स्कूल की बस बच्चों को उतारने के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई की ओर लुढ़क गई। हादसा होते-होते छात्रों की साहस और सूझबूझ के चलते टल गया, जिससे कोई भी छात्र गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का मुख्य कारण ड्राइवर की लापरवाही बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बच्चों को बस से उतारने के बाद चालक बस को ढलान पर खड़ा कर कहीं चला गया। इस दौरान बस धीरे-धीरे पीछे की ओर सरकने लगी और देखते ही देखते खाई की तरफ बढ़ने लगी। बच्चों ने समय रहते चलती बस से छलांग लगाकर खुद को सुरक्षित कर लिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन को भी तुरंत सूचित किया गया। क्षेत्र में हादसे की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग से सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग की, क्योंकि उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और ड्राइवर की भूमिका व सुरक्षा नियमों के पालन की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए स्कूल बस संचालन में और अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

More Stories
रुद्रप्रयाग में देर रात आग का कहर, रिहायशी इलाके में लाखों का सामान खाक..
उत्तराखंड में वैज्ञानिक जांच को बढ़ावा, मोबाइल फॉरेंसिक लैब से बदलेगी विवेचना..
राज्य के मेडिकल कॉलेजों में दवा व्यवस्था होगी मजबूत, 64 फार्मासिस्ट की तैनाती जल्द..