फूलों की महक और वसंत का उल्लास, लोक भवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का आयोजन..
उत्तराखंड: राजधानी स्थित लोक भवन में इस वर्ष वसंतोत्सव का भव्य आयोजन 27 फरवरी से 1 मार्च तक किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को लोक भवन में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने की। बैठक में वसंतोत्सव को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान राज्यपाल ने घोषणा की कि इस वर्ष वसंतोत्सव में प्रगतिशील किसानों के साथ-साथ महिला उद्यमियों और युवा स्टार्टअप्स को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। यह पहल कृषि, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसंतोत्सव को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर पूरी उमंग, उत्साह और उत्सव की भावना के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिक सीधे तौर पर वसंतोत्सव से जुड़ सकें और इसे अपनी भागीदारी का उत्सव बना सकें।
राज्यपाल ने वसंतोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल स्थानीय या राज्य स्तर तक सीमित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वसंतोत्सव को अन्य राज्यों से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, ताकि यह आयोजन राष्ट्रीय पहचान हासिल कर सके। इसके लिए उन्होंने अन्य राज्यों के अधिकारियों, प्रतिनिधियों और संबंधित संस्थाओं को आमंत्रित करने के निर्देश दिए, जिससे अनुभवों का आदान-प्रदान हो और आयोजन का स्तर और अधिक समृद्ध हो सके। वसंतोत्सव को प्रदेश की संस्कृति, कृषि परंपरा और नवाचार का मंच बनाने की दिशा में यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा। फूलों की प्रदर्शनी, कृषि उत्पादों का प्रदर्शन, स्टार्टअप्स के नवाचार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए यह उत्सव आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
वसंतोत्सव को इस वर्ष एक नए और विशिष्ट स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने निर्देश दिए हैं कि वसंतोत्सव के दौरान आईएचएम, जीएमवीएन तथा राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से विशेष फूड कोर्ट स्थापित किए जाएं। ये फूड कोर्ट पारंपरिक मोटे अनाज (मिलेट) की थीम पर आधारित होंगे, जिससे प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव के माध्यम से शहद उत्पादन और मधुमक्खी पालन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए प्रदर्शनी, जागरूकता कार्यक्रम और उत्पादों के प्रदर्शन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसानों और उद्यमियों को नई संभावनाओं से जोड़ा जा सके।
बैठक में यह भी घोषणा की गई कि इस वर्ष से वसंतोत्सव के अवसर पर प्रगतिशील किसानों, महिला उद्यमियों और युवा स्टार्टअप्स को “राज्यपाल विशेष पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार नवाचार, मेहनत और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि वसंतोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी में 15 अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में कुल 165 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी। वसंतोत्सव को और अधिक रंगारंग बनाने के लिए आईटीबीपी, आईएमए, पीएसी, पाइप बैंड और होमगार्ड द्वारा आकर्षक बैंड प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों से आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बनेगा और दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिलेगा। बैठक में वसंतोत्सव से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
ये भी होंगे खास..
पहली बार एनआईएम उत्तरकाशी की ओर से लाइव डेमो का प्रदर्शन।
एनआईवीएच और निरामया योग ग्राम की ओर से योगा प्रदर्शन के साथ ही जूडो और मार्शल आर्ट से संबंधित प्रदर्शन भी होंगे
वसंतोत्सव में पांच वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न अनाथालयों में रहने वाले बच्चों, दिव्यांग बच्चों तथा रैग पिकर्स बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।
पुष्प-प्रदर्शनी, प्रतियोगिता के लिए विभिन्न श्रेणियों कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट अरेंजमेंट, लूज फ्लावर अरेंजमेंट, हैंगिंग पॉट्स जैसी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी भी आयोजित होगी।

More Stories
एक झटके में उजड़ गईं खुशियां, विकासनगर में बस खाई में गिरने से तीन की मौत..
पर्वतारोहण के लिए 83 हिमालयी चोटियां खुलीं, भारतीय पर्वतारोहियों को शुल्क से राहत..
आज इन दो राशि वालों को रहना होगा सतर्क..