यात्रा से पहले बड़ा झटका, केदारनाथ पैदल मार्ग पर ग्लेशियर टूटा..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच केदारनाथ जाने वाले पैदल मार्ग पर अचानक ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई है, जिससे मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। घटना उस समय हुई जब यात्रा को लेकर मजदूर और कर्मचारी मार्ग पर कार्य में जुटे हुए थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार थारू क्षेत्र के पास ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटकर मार्ग पर आ गया, जिससे रास्ता बाधित हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। बावजूद इसके, स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
ग्लेशियर टूटने के बाद फिलहाल स्थानीय स्तर पर लोग बर्फ के ऊपर से होकर आवाजाही कर रहे हैं, लेकिन यह बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमों को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बाधित हिस्से को हटाने और रास्ता साफ करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही मार्ग को फिर से सुचारू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस घटना ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में प्राकृतिक परिस्थितियों की अनिश्चितता को उजागर कर दिया है। ऐसे में चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

More Stories
चारधाम यात्रा- सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की जांच के लिए आज मॉक ड्रिल..
ग्रामीण विकास को रफ्तार, उत्तराखंड के हर ब्लॉक में तैयार होंगे मॉडल गांव..
चारधाम यात्रा पर हाई अलर्ट, 80 आपदा टीमें, 1200 कैमरे और 15 ड्रोन से निगरानी..