March 10, 2026

चारधाम यात्रा- यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, सड़क-हवाई व्यवस्थाएं सुदृढ़, हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू..

चारधाम यात्रा- यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, सड़क-हवाई व्यवस्थाएं सुदृढ़, हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रस्तावित चारधाम यात्रा को लेकर सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु प्रदेश के पर्वतीय मार्गों से होकर धामों तक पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सड़क परिवहन से लेकर हवाई सेवाओं तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रा शुरू होने से पहले ही प्रशासनिक स्तर पर निगरानी तंत्र को मजबूत करने और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

चारधाम यात्रा के दौरान सबसे अधिक दबाव सड़क परिवहन पर रहता है। पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की भारी आवाजाही प्रशासन के लिए चुनौती बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने इस बार विशेष टास्क फोर्स गठित करने का फैसला लिया है। यह टास्क फोर्स यात्रा मार्गों पर तैनात रहकर परिवहन व्यवस्था की लगातार निगरानी करेगी। अधिकारियों के अनुसार अलग-अलग रूटों के लिए कई टीमें बनाई जा रही हैं, जो वाहनों की नियमित जांच करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। यात्रा मार्गों पर संचालित होने वाले वाहनों की फिटनेस, वैध परमिट, ओवरलोडिंग और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की गहन जांच की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि कई बार नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में इस बार लापरवाही बरतने वालों पर मौके पर ही चालान से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी। इसके साथ ही विभिन्न चेक पोस्टों पर निगरानी व्यवस्था को भी और सख्त किया जा रहा है।

सरकार इस बार तकनीक के अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दे रही है। मॉनिटरिंग सिस्टम को आधुनिक बनाया जा रहा है ताकि यात्रा मार्गों पर रियल-टाइम निगरानी संभव हो सके। चेक पोस्टों पर वाहनों की जांच के साथ यात्रियों की संख्या और सुरक्षा मानकों पर भी लगातार नजर रखी जाएगी। उद्देश्य साफ है कि यात्रा के दौरान अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम करना।सड़क मार्ग के साथ-साथ हवाई सेवाओं से धामों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण हेली सेवाओं के संचालन को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। राज्य में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं केवल अधिकृत कंपनियों के माध्यम से संचालित की जाती हैं और इसके लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाती है। इस बार भी चयनित कंपनियां तय रूटों पर श्रद्धालुओं को हवाई सेवा उपलब्ध कराएंगी।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि हवाई सेवाओं में सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। हेलीकॉप्टर संचालन से जुड़े सभी प्रोटोकॉल की नियमित निगरानी होगी ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित रहे। इसके साथ ही टिकट बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की तैयारी की जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम को मजबूत किया जाएगा और श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही टिकट लेने की सलाह दी जाएगी, जिससे कालाबाजारी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाई जा सके। राज्य सरकार का मानना है कि चारधाम यात्रा न केवल आस्था का विषय है बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग की रीढ़ भी है। यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और परिवहन क्षेत्र को भी गति मिलती है। यही वजह है कि इस बार यात्रा प्रबंधन को लेकर सरकार कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती। व्यापक सुरक्षा इंतजाम, मजबूत परिवहन व्यवस्था और पारदर्शी हवाई सेवाओं के जरिए सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि चारधाम यात्रा 2026 पहले से अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित साबित होगी।