राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी शिवसेना, एकनाथ शिंदे के बाद उद्धव ठाकरे का एलान ..
देश – दुनिया : खबरों के अनुसार सोमवार को उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में शिवसेना के 19 में से 11 सांसद ही पहुंचे। इनमें से अधिकतर ने अपील की थी कि पार्टी राष्ट्रपति के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करे। माना जा रहा है कि सांसदों को अपने पाले में रखने के लिए ही उद्धव को यह फैसला करना पड़ा है।
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री और अपने समर्थन वाले विधायकों-सांसदों के गुट को असली शिवसेना बताने वाले नेता एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अहम बयान दिया है। शिंदे ने कहा है कि वे राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू का पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा, “हमारे सभी विधायक पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुर्मू को वोट देंगे।” एकनाथ के एलान के ठीक बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी मुर्मू को समर्थन देने का एलान किया।
उद्धव के इस एलान के बाद यह अटकलें लगना शुरू हो गई हैं कि महाविकास अघाड़ी गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सत्ता जाने के बाद शिवसेना अपने सांसदों और विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में है। दरअसल, एकनाथ शिंदे की ओर से विधायकों को तोड़े जाने के बाद यह साफ है कि शिवसेना में ही नेतृत्व को लेकर फूट पड़ गई है। ऐसे में उद्धव का द्रौपदी मुर्मू को समर्थन के एलान का फैसला शिवसेना को बचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में राजग ने मुर्मू को तो साझा विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उद्धव गुट पहले ही अपने विधायकों व सांसदों की बगावत का सामना कर रहा था, इसलिए वह तय नहीं कर पाया था कि उसे मुर्मू या सिन्हा में से किसका समर्थन करना है? पार्टी के कुछ सांसद भी बगावती तेवर दिखा रहे हैं। वे द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में हैं।
क्या सोमवार की बैठक से मजबूर हुई शिवसेना..
खबरों के अनुसार सोमवार को उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में शिवसेना के 19 में से 11 सांसद ही पहुंचे। बैठक में मौजूद शिवसेना सांसद संजय राउत ने साफ तौर पर यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की बात कही। वे चाहते हैं कि शिवसेना विपक्ष के साझा उम्मीदवार का समर्थन करे। इस पर कुछ सांसदों ने असहमति जताई। उनका कहना था कि हमें मुर्मू का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी अपील की कि वे द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें। माना जा रहा है कि इसी के बाद उद्धव ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का एलान किया।
More Stories
इन पांच राशि वालों की आय में बढ़ोतरी और नौकरी में तरक्की के योग..
इन पांच राशि वालों को करियर-कारोबार में मिल सकती है सफलता..
मकर और मीन राशि वालों को मिल सकती है खुशखबरी..