पीएम का उत्तराखंड दौरा फाइनल, 14 अप्रैल को कई योजनाओं का होगा ऐलान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड को एक बार फिर बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को राज्य के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है, जिसका असर उनके लगातार दौरों में भी देखने को मिलता है। लगभग पांच महीने बाद प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है। इससे पहले वे 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर देहरादून पहुंचे थे, जहां उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
इस बार भी प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य में उत्साह का माहौल है। बताया जा रहा है कि वे देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। सीएम धामी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमांत क्षेत्रों तक पहुंच बनाते हुए वहां प्रवास किया है। उन्होंने चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी के मुखवा और पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर इन स्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह प्रस्तावित दौरा उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा और पर्यटन, बुनियादी ढांचे व स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

More Stories
गंगोत्री धाम में नया शेड्यूल जारी, दर्शन और सायंकालीन आरती का समय बदला..
10 अप्रैल से IRCTC पर खुलेगी केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग..
देहरादून में पुल के नीचे मिला संदिग्ध शव, इलाके में फैली सनसनी..