चारधाम यात्रा से पहले झटका, केदारनाथ हेली सेवा महंगी, जल्द शुरू होगी बुकिंग..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा के किराए तय कर दिए हैं, जिससे इस बार यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को पहले से स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। खास बात यह है कि इस वर्ष कुछ रूट्स पर किराए में बदलाव किया गया है, जिसमें सिरसी हेलिपैड से यात्रा सस्ती हुई है, जबकि फाटा और गुप्तकाशी से किराया बढ़ा है। तय दरों के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12,154 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं फाटा से यह किराया 9,680 रुपये रखा गया है, जबकि सिरसी हेलिपैड से यात्रियों को 6,086 रुपये में हेली सेवा उपलब्ध होगी।
पिछले वर्ष की तुलना में गुप्तकाशी से किराए में 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि सिरसी से किराया 2,753 रुपये कम किया गया है। इन दरों में पांच प्रतिशत जीएसटी शामिल नहीं है और ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सुविधा शुल्क अलग से लिया जाएगा। चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल से गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। इस बार हेली शटल सेवा के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कुल आठ ऑपरेटर कंपनियों का चयन किया गया है। इनमें गुप्तकाशी से दो, फाटा से चार और सिरसी से दो कंपनियां सेवा प्रदान करेंगी।
हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आईआरसीटीसी के अधिकृत पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। माना जा रहा है कि 10 अप्रैल के आसपास टिकट बुकिंग शुरू हो सकती है, हालांकि इसकी अंतिम तिथि की औपचारिक घोषणा अभी शेष है। ऐसे में तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट के जरिए ही टिकट बुक करें और किसी भी फर्जी वेबसाइट या दलालों से सावधान रहें। प्रशासन का मानना है कि हेली सेवा के सुचारु संचालन और पारदर्शी बुकिंग व्यवस्था से इस बार यात्रा और अधिक व्यवस्थित होगी। साथ ही किराए में किए गए संतुलन से विभिन्न हेलिपैड्स के बीच यात्रियों का दबाव भी संतुलित करने में मदद मिलेगी, जिससे यात्रा अनुभव बेहतर हो सकेगा।
हेलिपैड नई दरें पूर्व दरें
गुप्तकाशी से केदारनाथ 12154 12444
फाटा से केदारनाथ 9680 8842
सिरसी से केदारनाथ 6086 8839
हेली सेवा संचालन के लिए ऑपरेटरों का चयन कर लिया गया है। यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा व संचालन मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। तीर्थयात्रियों को बेहतर हेली सेवाएं देने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जल्द ही टिकट बुकिंग की तिथि तय की जाएगी।

More Stories
देहरादून घटनाओं के बाद एक्शन में CM धामी, अपराधियों पर चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’..
धामी सरकार का बड़ा कदम,चम्पावत में 17 विकास योजनाओं का शुभारंभ..
उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, उत्तराखंड में नहीं बढ़ेगा बिजली टैरिफ..