खटीमा में शुरू हुआ ‘साथी केंद्र’, ग्रामीण छात्रों को मिलेगा IIT प्रोफेसरों का मार्गदर्शन..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आईआईटी कानपुर के सहयोग से स्थापित “साथी केंद्र” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति और विकास की असली नींव शिक्षा की गुणवत्ता होती है।सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इसी क्रम में शुरू हुआ “प्रोजेक्ट साथी” देशभर के छात्रों के लिए मार्गदर्शन और अवसरों का नया द्वार खोल रहा है। सीएम धामी का कहना है कि “प्रोजेक्ट साथी” के तहत अब देशभर के विद्यार्थी सीधे आईआईटी और आईआईएससी के प्रोफेसरों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज़ के छात्रों के लिए इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसान हो गई है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथी केंद्र की स्थापना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो आने वाले समय में हजारों छात्रों के लिए अवसरों का द्वार खोलेगा। सीएम धामी का कहना हैं कि खटीमा केंद्र में 80 विद्यार्थियों को ऑफलाइन कोचिंग और मेंटरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यह भी जानकारी दी कि आज देशभर में 15 लाख से अधिक छात्र “प्रोजेक्ट साथी” से लाभान्वित हो चुके हैं, जिनमें उत्तराखंड के लगभग 29 हजार विद्यार्थी शामिल हैं। सीएम धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को आधुनिक बनाने, नए महाविद्यालय स्थापित करने और शोध को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि साथी केंद्र की स्थापना से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि ग्रामीण छात्रों को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए समान अवसर मिलेंगे।

More Stories
251 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात, देहरादून में स्टार्टअप को मजबूत करने की पहल..
पंतनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल..
राष्ट्रीय खेलों में नया कीर्तिमान बनाने की उम्मीद, तैयारियों के लिए विभागीय बैठक का इंतजार..