
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन..
पुतला दहन कर जताया आक्रोश..
रुद्रप्रयाग। गैस के बढ़ते दामों से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के साथ ही मयाली बाजार में केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता का जीना दूभर हो गया है। लगातार बढ़ रही महंगाई से जनता बेहाल है।
रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय के हनुमान चौक पर एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि होली से ठीक पहले केन्द्र सरकार ने गैस के दामों में वृद्धि कर आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है।
केन्द्र सरकार के इस फैसले से महिलाओं और व्यापारियों में खासा आक्रोश बना हुआ है। कमर्शियल गैस के दामों में सीधे 350 की बढ़ोत्तरी कर दी गई। ऐसे में लोगों को होटल, रेस्टारेंट में महंगे दामों पर खाना परोसा जायेगा। महिलाएं केन्द्र सरकार की नीतियों से काफी परेशान हैं। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी, जिला पंचायत सदस्य नरेन्द्र बिष्ट, सभासद संतोष रावत, बंटी जगवाण, लक्ष्मण रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं मयाली में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सकलानी ने कहा है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर और व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी होली से पहले मोदी सरकार द्वारा जनता को तोहफा करार दिया। कहा कि अब घरेलु गैस सिलेंडर पर पचास रुपए अतिरिक्त बढ़ा दिए और इसके साथ ही कमर्शियल सिलेंडरों में भी 350 रुपये का इजाफा किया गया है। ऐसे में होटलों,ढाबों में खाना महंगा होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आमजनता पूरी तरह महंगाई से त्रस्त हो चुकी है।
एक सिलेंडर की कीमत बढ़ने से न सिर्फ गृहस्थी का बजट बिगड़ेगा बल्कि अन्य वस्तुओं पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि ये कीमत बढ़ना आम जनता के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं है। कहा कि पिछले दो वर्षों में ही मोदी सरकार की ओर से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 409 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 100 दिनों में महंगाई कम करने का वादा करके सत्ता में आए थे, लेकिन कीमतों को कम करने में बुरी तरह विफल रहे हैं।
कहा कि यूपीए सरकार के दौरान एलपीजी सिलेंडर की कीमत चार सौ रुपये थी, जो अब 1122 रुपये हो गई है। इस भारी वृद्धि से आम आदमी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पहले से ही लोग अभूतपूर्व महंगाई की मार झेल रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में राजेन्द्र कुंवर, त्रेपन भण्डारी, अमर सिंह, उत्तम भण्डारी, द्वारिका कोठारी, कुन्दी लाल, त्रेपन मेवाड़, सुरेंद्र काला आदि मौजूद थे।
More Stories
गंगा संरक्षण पर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर जोर..
पर्यटकों की भीड़ पर कसेगा शिकंजा, मसूरी में अनिवार्य हुआ ऑनलाइन पंजीकरण..
टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को मिली रफ्तार, राज्य से मांगी गई औपचारिक सहमति..