April 28, 2025

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती का परिणाम किया जारी..

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती का परिणाम किया जारी..

 

 

उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। आयोग ने विभिन्न विभागों के लिए कुल 136 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। जिसमें श्रेष्ठता क्रम में चयनित अभ्यर्थियों के नाम जारी किए गए हैं। इसमें आयोग ने विभिन्न विभागों के लिए कुल 136 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की चयनित सूची जारी की है। चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है। उत्तराखंड के विभिन्न विभागों में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की कमी को दूर किया जा सकेगा। बता दे कि लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी मुख्य परीक्षा 2023 का परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। राज्य भर में विभिन्न विभागों के कुल 136 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों का इसमें चयन हुआ है।

लोक सेवा आयोग ने चयन परिणाम जारी करते हुए 68 समीक्षा अधिकारियों के नाम सूची में शामिल किए हैं। इसी तरह 68 सहायक समीक्षा अधिकारियों का भी इस सूची में चयन हुआ है। उत्तराखंड सचिवालय के लिए कुल 53 समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। इसी तरह उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए 7 समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है, जबकि उत्तराखंड राजस्व परिषद के लिए 8 समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। सहायक समीक्षा अधिकारी के तौर पर उत्तराखंड सचिवालय के लिए 60 सहायक समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए दो सहायक समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। वहीं उत्तराखंड राजस्व परिषद के लिए 6 सहायक समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है।

प्रदेश में विभिन्न विभागों के लिए समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की कमी को इस भर्ती के जरिए पूरा किया जा सकेगा। यह भर्ती साल 2023 में शुरू की गई थी। इसके लिए 26 और 27 अक्टूबर 2024 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रायोगिक परीक्षा (कंप्यूटर ज्ञान) एवं हिंदी-अंग्रेजी टंकण परीक्षा 24 फरवरी से 6 मार्च 2025 के बीच आयोजित हुई। मेरिट लिस्ट के आधार पर श्रेष्ठता क्रम में अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसी आधार पर विभिन्न अभ्यर्थियों के नाम की सूची जारी की गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची UKPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा के प्राप्तांक, कंप्यूटर पर आधारभूत ज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा के नंबर साथ ही कंप्यूटर पर हिंदी अंग्रेजी टंकण परीक्षा का रिजल्ट आयोग की वेबसाइट पर रखा है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के कट ऑफ मार्क्स की सूचना आयोग की वेबसाइट पर दी गई है।